मेलबर्न में पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई नेताओं से की मुलाकात, भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली/मेलबर्न (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि मेलबर्न में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से मिलकर खुशी हुई। उन्होंने कहा कि स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात हमेशा सुखद रहती है और दोनों नेताओं के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया मित्रता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर सार्थक बातचीत हुई।
प्रधानमंत्री मोदी फिलहाल इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के तीन देशों के दौरे पर हैं। यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा था कि यह दौरा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’, ‘महासागर विजन’ और मुक्त एवं खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
सरकार के अनुसार इस यात्रा का उद्देश्य रणनीतिक साझेदारी को नई गति देना, आर्थिक सहयोग बढ़ाना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा हितों को आगे बढ़ाना है।