लुधियाना/यूटर्न/30 जून। जीटीबी नगर में कार पार्किंग को लेकर पड़ोसियों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि खूनी झड़प में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हथियारों के साथ हमला करने के आरोप लगाए हैं। हमले में एक युवक का सिर भी फौड़ दिया गया। जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। जख्मी युवक को अस्पताल दाखिल कराया गया। युवक की पहचान जीटीबी नगर के सुमित कुमार के रुप में हुई है। थाना जमालपुर की पुलिस मामले की जांच कर रही है। जख्मी सुमित कुमार ने बताया कि उनके घर के बाहर की जगह को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। पड़ोसियों ने अपनी कार वहां लगा दी थी, जिसके बाद बची हुई जगह पर उसकी पत्नी रंजीत ने अपनी एक्टिवा खड़ी कर दी। इसी बात को लेकर पड़ोसियों ने एतराज जताया और बहस शुरू हो गई। रंजीत के अनुसार बात इतनी बढ़ गई कि पड़ोसी व्यक्ति अपनी कार से उतरा और सीधा उनके पति सुमित पर हमला कर दिया। एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें आई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।
---