लुधियाना/यूटर्न/12 जून। सुंदर नगर इलाके में स्थित एक चिकन कॉर्नर अहाते में शराब पीकर निकल रहे भाजपा जिला प्रधान उम्मीदवार के भाई और पूर्व पार्षद के बेटे ने एक साथी संग मिलकर विवाद शुरु कर दिया। चर्चा है कि अहाते के बिल में 30 रुपए देने को लेकर शुरु हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि भाजपा नेता के भाई ने पिस्तौल निकाल ली। जिसके बाद फायरिंग कर दी। लेकिन इस दौरान किसी को जानी नुकसान होने से बचाव हो गया। जिसके बाद अहाता मालिक ने अपने रिश्तेदारों व इलाके के लोगों के साथ मिलकर हमलावरों को पकड़ लिया। जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, छह कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। थाना दरेसी की पुलिस ने कैलाश नगर के आकाश की शिकायत पर बसंत नगर के राजन शर्मा और अंकुश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिल मांगने पर गाली गलोच की
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका फ्रैंड्स वाइन ठेके के साथ सनी चिकन कार्नर के नाम से अहाता है। जहां पर दोनों आरोपी शराब पीने के लिए बाइक पर आए थे। शराब पीने के बाद जाते हुए उन्हें बिल दिया गया। बिल में 30 रुपए ज्यादा होने की बात कहकर दोनों ने गाली गलोच करनी शुरु कर दी। जब उन्हें रोका तो आरोपियों ने पिस्तौल तान दी। जिसके बाद सड़क पर दो हवाई फायर किए। दोनों ने इतनी शराब पी रखी थी कि वे सही से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
भाजपा नेता का भाई और बेटा है एक आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपी राजन शर्मा का परिवार राजनीतिक है। उसके पिता उमा दत्त शर्मा भाजपा के सीनियर लीडर है, जबकि भाई महेश शर्मा भाजपा के जिला प्रधान के उम्मीदवार की दौड़ में था। हालांकि उसे प्रधानगी नहीं मिल सकी। वहीं राजन की माता सुनीता शर्मा वॉर्ड 88 से पूर्व पार्षद है। साल 2024 के निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी के नीरज आहूजा बूटा द्वारा उन्हें हरा दिया था।
समझौता कराने में जुटे कई लीडर
चर्चा है कि इस वारदात के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। इस दौरान कई हिंदू नेता उन्हें बचाने के लिए थाने भी पहुंचे। वहीं देर रात से लेकर अगली सुबह तक कई लीडर समझौता कराने में जुटे रहे। हालांकि चर्चा है कि समझौता हो गया है। लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि जिस व्यक्ति ने सरेआम सड़क पर खड़े होकर फायरिंग की, पब्लिक की जान को खतरे में डाला, उस पर पुलिस द्वारा अपनी तरफ से कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। चर्चा है कि ऐसे तो कल को कोई भी फायरिंग करके समझौता कर लेगा।
---