पंजाब में उर्वरक संकट को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताई चिंता, नड्डा से की मांग
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब में धान की बुआई के पीक सीजन के बीच खाद आपूर्ति को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर राज्य में डीएपी और यूरिया की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
ढिल्लों ने कहा कि जून-जुलाई में पंजाब में खाद की मांग अपने चरम पर होती है, ऐसे में आपूर्ति में किसी भी तरह की कमी से किसानों की बुआई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि 6 जून को केंद्रीय मंत्री के साथ हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई थी।
भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि खाद की कमी का फायदा उठाकर कुछ तत्व जमाखोरी और कालाबाजारी को बढ़ावा दे सकते हैं, जिससे किसानों को एमआरपी से अधिक कीमत पर खाद खरीदनी पड़ सकती है।
अतिरिक्त कोटे और बफर स्टॉक की मांग
अपने पत्र में ढिल्लों ने पंजाब के लिए अतिरिक्त डीएपी कोटा जारी करने और 2 से 3 लाख मीट्रिक टन का बफर स्टॉक पहले से उपलब्ध रखने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यूरिया की आपूर्ति का मासिक शेड्यूल राज्य सरकार के साथ साझा करने की बात भी कही है।
उन्होंने केंद्र, इफको, एनएफएल और राज्य सरकार के बीच रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने तथा अवैध ढुलाई और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
ढिल्लों ने कहा कि देश के अन्न भंडार में पंजाब के योगदान को देखते हुए राज्य को उसके वास्तविक जरूरत के अनुसार खाद आवंटन मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जल्द जरूरी कदम उठाकर किसानों को राहत देगी।