कुल्लू/यूटर्न/11 जून। कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी स्थित पर्यटन नगरी कसोल में चल रही एक कथित रेव पार्टी पर कुल्लू पुलिस ने आधी रात को रेड की। इस दौरान 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा कसोल क्षेत्र में आयोजित हो रही कथित रेव पार्टियों का कड़ा संज्ञान लेने के बाद की गई है। न्यायाधीश रोमेश वर्मा के निर्देशों के तहत, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) को दस दिनों के भीतर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में अपनी निगरानी बढ़ा दी थी। पुलिस को कसोल के जंगल क्षेत्र में आयोजित एक पार्टी में नशे के सेवन और तस्करी की सूचना मिली थी। जांच के दौरान, दो युवकों के कब्जे से विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ बरामद हुए। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों से नशा हुआ बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केरल के एर्नाकुलम निवासी राहुल सांई (33) और पंजाब के खरड़, जिला एसएएस नगर (मोहाली) निवासी चिराग भाटिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राहुल सांई से 0.96 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जबकि चिराग भाटिया से 2 एक्स्टेसी गोलियां, पांच हिस्सों वाली एलएसडी पेपर स्ट्रिप, 1.31 ग्राम कोकीन और 2.7 ग्राम चरस मिली है। बरामद नशीले पदार्थों को कब्जे में लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
----