पंजाब/यूटर्न/11 जून। रूपनगर के मोरिंडा में 8 साल की बच्ची को कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला। बच्ची दोपहर में अपने घर से पास के बाजार में दूध खरीदने के लिए निकली थी। कुत्तों को देखकर घबराई और अपनी जान बचाने के लिए घर की ओर भागी, लेकिन झुंड ने उसका पीछा किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि बच्ची जान बचाने के लिए चिल्ला रही थी। आखिर में जब तक लोग पहुंचे तब वह गंभीर रूप में घायल हो चुकी थी। उसे पीजीआई ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं बच्ची की मौत के बाद उसकी मां बेसुध हो गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची सुनसान रास्ते पर अकेले जाते हुए दिखाई दे रही है। वह थोड़ी दूर जाती है। कुछ देर बाद वह वापस उसी ओर भागते हुए नजर आती है। उसके पीछे 5 से 6 कुत्तों का झुंड होता है।
कुत्तों ने लड़की को जमीन पर गिरा दिया
कुत्ते बच्ची पर झपटा मारकर उसे गिरा देते हैं। सीसीटीवी में कुत्ते काफी देर तक बच्ची को नोचते हुए देखे जा सकते हैं। कुत्ते बच्ची को खींचते हुए आगे ले आते हैं। बच्ची दर्द से चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आसपास सन्नाटा होने के कारण काफी देर तक कोई उसकी मदद के लिए नहीं पहुंच सका। कुछ देर बाद वहां एक महिला आती हुई दिखाई देती है। उन्होंने कुत्तों को भगाकर उसे गंभीर हालत में बचाया और उपचार के लिए मोरिंडा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत नाजुक होने के कारण उसे तुरंत चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
----