स्टील प्लांट दुर्घटना पर मानवाधिकार आयोग की नजर, आंध्र सरकार को नोटिस जारी
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में हुए हादसे पर स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। 8 जून को हुए इस हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
आयोग ने आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में हादसे के कारणों, घायल मजदूरों की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति और मृतकों के परिजनों को दी गई मुआवजा राशि का पूरा विवरण देने को कहा गया है।
एनएचआरसी ने यह भी कहा है कि मजदूर संगठनों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं, जो मामले को और गंभीर बनाते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।