एटीएम तोड़ने पहुंचे बदमाशों को लगी आग, मौके पर ही दबोचे गए, सरगना पर 21 मामले दर्ज
लुधियाना: लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने पंजाब के अलग-अलग जिलों में आतंक का पर्याय बन चुके एक हाईटेक अंतर-जिला एटीएम ब्रेकिंग गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के 2 मुख्य गुर्गों को भारी मात्रा में हथियारों और आधुनिक कटर उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमृतसर के जसमिंदर सिंह उर्फ जस्स और दीपक कुमार उर्फ दीपू बिहारी के रूप में हुई है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह गैंग दिन में रेकी करता था और रात के अंधेरे में गैस कटर की मदद से चंद मिनटों में एटीएम मशीन के नोटों वाले वॉल्ट को काटकर कैश चोरी कर लेते थे।
चोरी के समय आग लगने पर फंसे
सीपी स्वपन शर्मा ने बताया कि 19 मई की रात को गैंग ने नूरवाला रोड, शिवपुरी चौक के पास एक एटीएम को निशाना बनाया था। आरोपी जब गैस कटर से एटीएम मशीन को काट रहे थे, तभी अचानक वहां बिजली का शॉर्ट-सर्किट हो गया और मशीन में आग लग गई। आग भड़कते देख आरोपी घबरा गए और वहां से भागने लगे। इसी दौरान गश्त कर रही पीसीआर की टीम ने जब इन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से पुलिस पार्टी पर सीधे गोलियां चला दीं। पुलिस ने किसी तरह खुद को बचाया, जिसके बाद थाना बस्ती जोधेवाल में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
हाईटेक टूल्स के साथ करते थे वारदातें
पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक डकैती में इस्तेमाल होने वाला पूरा सेटअप बरामद किया है 1 पिस्टल और 2 कारतूस,1 इंडस्ट्रियल गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर,1 पोर्टेबल कटिंग मशीन,1 मारुति सुजुकी अर्टिगा कार बरामद की है। आरोपी दीपक कुमार उर्फ दीपू गैंग का मुख्य शूटर और शातिर अपराधी है। उस पर अमृतसर और बठिंडा में 21 संगीन मामले दर्ज हैं। जसमिंदर सिंह उर्फ जस्स पर पहले कोई केस दर्ज नहीं था, लेकिन इस गैंग में शामिल होकर यह रेकी और लॉजिस्टिक्स का काम संभाल रहा था।