चुनावी तैयारियां तेज, 15 जून से बीएलओ करेंगे डोर-टू-डोर मतदाता सत्यापन
यमुनानगर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 15 जून से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह जानकारी एसडीएम विश्वनाथ ने एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दी। बैठक में 08 जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
एसडीएम ने बताया कि बीएलओ मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे तथा हस्ताक्षर लेकर फॉर्म जमा करेंगे। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। मतदाता ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर सत्यापन अभियान चलेगा, जबकि 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निपटारा 18 सितंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
एसडीएम विश्वनाथ ने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को पूरा सहयोग दें तथा मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।