दिल्ली सरकार का फैसला, छात्रों को मिलेगा लाभ
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 21 जून को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा छात्रों को परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंचाने और उनके तनाव को कम करने के उद्देश्य से दी जा रही है।
इस दिन परीक्षार्थियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में निशुल्क यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि हाल ही में नीट परीक्षा के रद्द होने के कारण अनेक परीक्षार्थियों को दोबारा नीट परीक्षा देनी पड़ रही है। ऐसे में परीक्षार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त मानसिक, समयगत और आर्थिक दबाव पड़ना स्वाभाविक है। दिल्ली सरकार परीक्षार्थियों की इन चुनौतियों को समझते हुए उनके साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को परिवहन संबंधी किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से 21 जून को सभी नीट परीक्षार्थियों के लिए डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त तनाव के समय पर अपने एग्जाम सेंटर पहुंच सकें और पूरी एकाग्रता एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं का समय, परिश्रम और भविष्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि परीक्षार्थियों को उनकी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान हरसंभव सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराई जाए। नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं परीक्षार्थियों के जीवन और भविष्य से जुड़ी होती हैं। ऐसे समय में सरकार का दायित्व है कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को यथासंभव सहयोग और सुविधा प्रदान की जाए ताकि वे किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी या तनाव का सामना न करें।
सरकार का मानना है कि इस पहल से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकेंगे।