फरार आरोपी को पकड़ने के लिए इनाम घोषित
अमृतसर: 18 किलो ड्रग्स बरामदगी के मामले में फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए Narcotics Control Bureau (एनसीबी) ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
एनसीबी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की गई है।
एनसीबी के अनुसार 15 फरवरी को 18 किलो नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे। इस मामले में तरनतारन जिले के गांव नौशहरा ढल्ला निवासी हरमनजीत सिंह संधू को मुख्य आरोपित के तौर पर नामजद किया गया था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा है और पिछले करीब चार महीनों से जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर है। इस मामले में एनसीबी ने पहले जोधबीर सिंह उर्फ रणजोत सिंह, हरपाल सिंह और जसबीर सिंह को गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान इनके कब्जे से 9 किलोग्राम हेरोइन, 6 किलोग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) और 3 किलोग्राम अफीम समेत कुल 18 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ था कि वे पिछले कई महीनों से सीमा क्षेत्र से नशीले पदार्थों की खेप उठाकर हरमनजीत सिंह संधू तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। मामले की जांच के दौरान एनसीबी ने मार्च मेंपरमजीत सिंह उर्फ पम्माको भी गिरफ्तार किया था। पम्मा तरनतारन के कलसियां गांव का सरपंच है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वह फरार हरमनजीत को शरण दे रहा था। हरमनजीत की एसयूवी भी कलसियां गांव स्थित पम्मा के घर से जुड़ी मिली थी।
एनसीबी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास हरमनजीत सिंह संधू के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो वह अमृतसर जोनल यूनिट से संपर्क करे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।