सांसदों के साथ बैठक में विकास मुद्दों पर फोकस, सांसदों संग समन्वय बढ़ाने पर जोर
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के सांसदों के साथ बैठक कर शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में आवास, भूमि और नागरिक अवसंरचना परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में डीडीए की भूमिका को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान सांसद हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज और प्रवीण खंडेलवाल मौजूद रहे।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बैठक में सार्वजनिक सुविधाओं में तेजी लाने, स्थानीय अवसंरचना आवश्यकताओं को पूरा करने और दिल्ली भर में जमीनी स्तर पर वितरण तंत्र को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि सहयोग की यह साझा भावना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत पहल और राजधानी में निर्बाध प्रगति सुनिश्चित करने के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाती है।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के विकास कार्यों की प्रगति, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपराज्यपाल ने कहा कि समन्वित प्रयासों से ही राजधानी के विकास को नई गति दी जा सकती है।
सांसदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को बैठक में रखा।