थिंक गैस-IOCL ने बढ़ाए रेट, CNG उपयोगकर्ताओं पर असर
चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो गई है। थिंक गैस ने CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है, जबकि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने 1.25 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया है। नई दरें बीते दिन से लागू हो चुकी हैं।
लुधियाना में थिंक गैस की CNG अब 88.75 रुपये प्रति किलोग्राम में मिल रही है, जो पहले 86.75 रुपये थी। वहीं मोहाली में अडानी गैस ने भी 1.25 रुपये की बढ़ोतरी की है, जिससे कीमत 93 रुपये से बढ़कर 94.25 रुपये प्रति किलो हो गई है। चंडीगढ़ में IOCL की CNG भी 93 रुपये से बढ़कर 94.25 रुपये प्रति किलो हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के विभिन्न जिलों में अलग-अलग कंपनियां CNG की सप्लाई करती हैं, जिनमें अडानी टोटल गैस, थिंक गैस, गुजरात गैस, BPCL और अन्य शामिल हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण यह बढ़ोतरी हुई है। हाल के दिनों में क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जिससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है।
अगर कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो आने वाले समय में पेट्रोल, डीजल और CNG के दाम और बढ़ सकते हैं।