Mohali में एक आयुर्वेदिक क्लीनिक की संचालिका पर उनके ही घर में काम करने वाले नौकर ने कथित तौर पर बेलन से हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी वारदात के बाद घर से करीब 3 लाख 10 हजार रुपये नकद और 12 तोले सोना लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद महिला को तुरंत मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार उनके सिर में करीब 70 टांके लगाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी वारदात के बाद मौके से भागता हुआ दिखाई दिया है। आरोपी की पहचान हीरा लाल उर्फ हैरी निवासी अररिया, बिहार के रूप में हुई है।
इस मामले में खरड़ सिटी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 309(4), 309(6) और 115(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।