30 दाताओं ने रक्तदान कर पेश की सेवा की मिसाल
पंचकूला: अस्पतालों में रक्त कॉम्पोनेंट्स की कमी को पूरा करने हेतु श्री शिव कावड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी एवं निफा चंडीगढ़ द्वारा ब्लड बैंक, सिविल हॉस्पिटल पंचकूला के सहयोग से मरीजों की सहायता के लिए सेक्टर 2 में रक्तदान जागरूकता शिविर लगाया गया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के ब्लड कैंप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण सिंह रावत एवं विनीत जगोता के कर कमलों द्वारा किया गया। उन्होंने युवाओं का आहवान किया कि वह इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग ले और एक स्वस्थ व्यक्ति का इंसानी, नैतिक और सामाजिक दायित्व बनता है कि वह स्वंय को रक्तदान के लिए तैयार रखे और हर स्वस्थ व्यक्ति को इसलिए भी रक्तदान करना चाहिए क्योंकि रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। रक्तदान शिविर में सेंचुरियन ब्लड डोनर सत्यवान सिंह का विशेष योगदान रहा।
निफा चंडीगढ़ एवं श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के डायरेक्टर रमेश नारंग एवं प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि भीषण गर्मी की वजह से आजकल लगभग सभी अस्पतालों में रक्त एवं रक्त कंपोनेंट्स की बहुत कमी है और रक्तदान का मकसद उन मरीजों की मदद करना है, जिनकी जिंदगी की डोर रक्त की कमी से कमजोर पड़ जाती है। हमारी संस्था द्वारा लगभग हर रोज रक्तदान शिविर लगाकर रक्त की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाता है। आज रक्तदान जागरूकता शिविर में 30 लोगों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के गुलशन कुमार, दिव्या गुप्ता, राजेंद्र कौशल एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र स्मृति चिन्ह एवं बेज देकर सम्मानित किया।