"नाबालिग की तलाश जारी, पांच दिन बाद भी कोई जानकारी नहीं"
जीरकपुर: जीरकपुर क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई नाबालिग लड़की का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बेटी की तलाश में रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भटकने के बाद आखिरकार परिजनों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लड़की की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 मई को उसकी नाबालिग बेटी बिना कुछ बताए घर से चली गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और जान-पहचान वाले लोगों से संपर्क किया, लेकिन लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
परिवार की शिकायत के आधार पर जीरकपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लड़की को जल्द सुरक्षित बरामद करने के प्रयास जारी हैं। वहीं घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन बेटी के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।