साइट पर काम करने वाले दो मजदूरों पर चोरी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जीरकपुर: मोहाली के एयरोसिटी स्थित निर्माणाधीन प्रोजेक्ट से करीब 20 क्विंटल लोहे का सरिया चोरी होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी का आरोप उसी प्रोजेक्ट साइट पर काम करने वाले दो मजदूरों पर लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एमएस कंसोर्ट बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के सिक्योरिटी अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि कंपनी द्वारा आरजीआई ग्रैंड कार्निवल ‘एच’ ब्लॉक में निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। 26 अप्रैल को जब साइट का निरीक्षण किया गया तो वहां रखा भारी मात्रा में लोहे का सरिया गायब मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 20 क्विंटल सरिया ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से चोरी कर ले जाया गया। मामले में पुलिस ने शर्माकांत साह और रामाकांत साह के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी प्रोजेक्ट साइट पर मजदूरी का काम करते थे और घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद निर्माण कंपनी ने साइट पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और आने-जाने वालों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है।