"करीब साढ़े छह घंटे गुल रही बिजली, लोगों को गर्मी में झेलनी पड़ी परेशानी"
जीरकपुर: बलटाना के मॉडर्न एंक्लेव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोहे से भरा एक ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे से बिजली की तारें टूटकर सीधे ट्रक के ऊपर गिर गईं। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और ट्रक चालक समेत आसपास मौजूद लोग सुरक्षित बच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। मॉडर्न एंक्लेव और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर करीब 1:30 बजे तक बिजली गुल रही। करीब साढ़े छह घंटे तक बिजली बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
निवासियों ने बताया कि बिजली बंद रहने से पानी की सप्लाई, घरेलू कामकाज और दुकानदारों का कामकाज प्रभावित हुआ। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भारी ट्रकों की एंट्री पर सख्ती की जाए और कमजोर बिजली खंभों व तारों की समय-समय पर जांच कराई जाए।
घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त तारों को हटाकर मरम्मत कार्य शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय तक बिजली सप्लाई बंद रखी गई, ताकि किसी प्रकार की करंट लगने की घटना न हो।
“मामले संबंधी शिकायत हमें प्राप्त हुई है। मॉडर्न एंक्लेव में सत्या ज्वैलर वाली गली की बिजली सुबह 7 बजे से प्रभावित हुई थी, जिसे करीब 2 बजे बहाल कर दिया गया। बलटाना चौंकी में ट्रक चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दे दी गई है। नुकसान का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है और इसकी जानकारी ट्रक मालिक को देकर भरपाई करवाई जाएगी।”
— आशीष यादव, जेई, बिजली विभाग