चंडीगढ़/यूटर्न/22 अप्रैल। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के कथित साजिशकर्ता गैंगस्टर लॉरेंस के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री सीरीज़ लॉरेंस ऑफ पंजाब के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। यह याचिका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दायर की है। उन्होंने इस फिल्म के नाम पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इससे गैंगस्टर को ग्लोरीफाई किया जा रहा है। इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को होने की संभावना है। वड़िंग ने इस फिल्म के खिलाफ प्रोडक्शन कंपनी को मंगलवार को कानूनी नोटिस भी भेजा था। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा न तो सुर्खियों के लिए है और न ही राजनीति के लिए, बल्कि उन हर माताओं की आवाज है जो आज भी अपने बेटों का इंतजार कर रही हैं जो कभी वापस नहीं लौटे।
27 अप्रैल को रिलीज होनी है
लॉरेंस ऑफ पंजाब’ कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन और पंजाब में अपराध की संस्कृति पर आधारित है। इस सीरीज का निर्देशन राघव डार ने किया है और इसमें लॉरेंस बिश्नोई की छात्र राजनीति से लेकर एक बड़े अपराधी बनने तक की यात्रा को दिखाया गया है। यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज की जाएगी और इसकी रिलीज तारीख 27 अप्रैल 2026 तय की गई है। ट्रेलर रिलीज के बाद पंजाब में इसे लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। पंजाब कांग्रेस ने इस सीरीज को बैन करने की मांग की है, उनका कहना है कि इससे अपराधी का महिमामंडन हो सकता है।
---