जीरकपुर के गुलमोहर एवेन्यू स्थित एक सोसाइटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब किचन में चाय बनाते दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार पवन कुमार जैन किचन में चाय बना रहे थे, तभी गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज होने के कारण आग तेजी से भड़क उठी। किचन में अन्य सिलेंडर भी रखे होने से धमाके की आशंका बढ़ गई थी।
आग लगते ही वहां मौजूद लोगों ने तुरंत रजाई डालकर सिलेंडर को ढक दिया, जिससे आग का प्रभाव सीमित हो गया और संभावित विस्फोट टल गया। इसके बाद पवन कुमार जैन ने तुरंत सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड को सूचना दी। गार्ड ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग को फैलने से काफी हद तक रोका जा सका।
घटना के दौरान पूरे इलाके में धुआं फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 से 25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फायर ऑफिसर राजीव कुमार ने बताया, “सूचना मिलते ही तुरंत फायर टेंडर मौके पर भेजा गया और एक ही फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।”
उन्होंने यह भी बताया कि किचन में पीछे की ओर वेंटिलेशन के लिए खिड़की होने के कारण धुआं बाहर निकलता रहा, जिससे आग पर जल्दी नियंत्रण पाने में मदद मिली।
हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन किचन में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से गैस पाइपलाइन और सिलेंडर की नियमित जांच कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।