सलमान के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपियों को रातभर के ऑपरेशन में किया गिरफतार
 
BY utrun / April 16, 2024
(दिल्ली/यूटर्न 16 अप्रैल): बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में घर के बाहर गोली चलाने वाले दोनों आरोपियों को मुंबई पुलिस ने गिरफतार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार रात गुजरात के भुज से गिरफतार किया है। पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले हैं और उनके नाम सागर पाल और विक्की गुप्ता हैं। दोनों रविवार की सुबह करीब 5 बजे सलमान खान के घर के बाहर पहुंचे थे और गोलीबारी करने के बाद वहां से फरार हो गए थे।
मुंबई पुलिस ने ऐसे चलाया ऑपरेशन
कच्छ के डीएसपी एआर जंकांत के मुताबिक, मुंबई पुलिस सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी मामले की जांच कर रही थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी मुंबई से 900 किमी दूर गुजरात के कच्छ की ओर रवाना हुए हैं। पुलिस ने तुरंत ही कच्छ की पुलिस से संपर्क किया और बताया कि दोनों आरोपी कच्छ पहुंच चुके हैं। जानकारी मिलने के बाद कच्छ पुलिस भी हरकत में आ गई और सोमवार देर शाम दोनों आरोपियों को गिरफतार कर लिया गया।
अलग-अलग टीम बनाकर पकड़ा
डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को गिरफतार करने के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग टीमें बनाई थीं। रातभर चलाए गए ऑपरेशन के बाद पुलिस को यह सफलता हासिल हुई है। फिलहाल प्राथमिक पूछताछ के बाद दोनों को मुंबई पुलिस के हाथ सौंप दिया गया है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि दोनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के संपर्क में थे।
पुलिस लॉरेंस बिश्नोई से कर सकती है पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच जल्द ही लॉरेंस बिश्नोई से सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामले में पूछताछ कर सकती है। जाहिर है कि इस हमले की जिंमेदारी लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है। उसने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए एक्टर को धमकी दी थी और कहा था कि, ‘यह बस ट्रेलर था। इसके बाद गोली सिर्फ घर में नहीं चलेगी।’ बता दें अनमोल बिश्नोई ने पोस्ट के लिए जिस फेसबुक नेटवर्क का इस्तेमाल किया था, उसका एड्रेस पुर्तगाल का पाया गया है।

s