तानाशाह किम को बधाई देकर घिरे ट्रम्प:निक्की हेली बोलीं- वो लोगों को भूखा मारता है, उसने अमेरिका को धमकाया; ये मजाक की बात नहीं

BY utrun / June 04, 2023

वॉशिंगटन/यूटर्न/4जून। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प नॉर्थ कोरिया पर एक बयान के बाद घिरते नजर आ रहे हैं। उनके ही पार्टी के नेता उनकी आलोचना कर रहे हैं। दरअसल, शुक्रवार को नॉर्थ कोरिया वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेश (WHO) के एग्जीक्यूटिव बोर्ड में शामिल हो गया। नॉर्थ कोरिया के अलावा इस बोर्ड में 9 देश और शामिल हैं। ये सभी मिलकर दुनिया में हेल्थ केयर से जुड़े मापदंड तय करेंगे।

इस पर ट्रम्प ने नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन को बधाई दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा- WHO में महत्वपूर्ण स्थान मिलने पर किम जोंग को बधाई। वहीं, ट्रम्प ने इस मैसेज में किम जोंग का नाम किम जंग लिख दिया। ट्रम्प के मैसेज पर रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के लिए कैंडिडेंट बनने की रेस में शामिल निक्की हेली ने कहा- किम जोंग अपने ही देश के लोगों को भूखा मारते हैं। ऐसे में नॉर्थ कोरिया को WHO में इतना बड़ा स्थान देना बकवास है।

फ्लोरिडा के गवर्नर बोले- ट्रम्प के मैसेज ने मुझे चौंका दिया
भारतीय मूल की निक्की हेली ने कहा- तानाशाह किम जैसे ठग को बधाई देना कोई मजाक की बात नहीं है। उसने अमेरिका को कई बार धमकाया है। इसके अलावा उसने हमारे सहयोगियों को भी डराने की कोशिश की है। जॉर्जिया के गवर्नर ब्रायन केंप ने भी ट्रम्प के बयान का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा- जो बाइडेन से अपने देश को वापस लेने की शुरुआत उत्तर कोरिया के हत्यारे तानाशाह को बधाई देने से नहीं होती।

साथ ही फ्लोरिडा के गवर्नर और राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल रॉन डी-सैंटिस ने कहा- मुझे ट्रम्प के बयान ने चौंका दिया है।

ट्रम्प के कैंपेन प्रवक्ता बोले- उनके कार्यकाल में नहीं हुई कोई जंग
दूसरी तरफ, ट्रम्प के राष्ट्रपति चुनाव के कैंपेन प्रवक्ता स्टीव चेउंग ने कहा- ट्रम्प ने अपनी ताकत से शान्ति स्थापित की थी। उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान दुनिया में कोई जंग नहीं हुई। रॉन डी-सैंटिस उन लोगों की कठपुतली हैं जो सिर्फ युद्ध करना जानते हैं। उनके अंदर इतनी हिम्मत नहीं है कि वो अमेरिका के विरोधियों के खिलाफ खड़े हो सकें।

बतौर राष्ट्रपति किम से 3 बार मिल चुके हैं ट्रम्प
डोनाल्ड ट्रम्प 30 जून 2019 को साउथ कोरिया के दौरे पर सियोल गए थे। यहां से वह उत्तर कोरिया की सीमा पर स्थित कोरियन डी-मिलेटराइज्ड जोन भी पहुंचे थे। ट्रम्प ने किम जोंग उन का हाथ पकड़कर उनके देश में कदम रखा था। इसी के साथ वो ऐसा करने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए थे। इसके बाद सितंबर 2019 में तानाशाह किम ने ट्रम्प को प्योंगयांग आने का न्योता दिया था। हालांकि, ट्रम्प ने इसे स्वीकार नहीं किया था।

इसके अलावा ट्रम्प शिखर वार्ता के लिए 2018 में सिंगापुर और 2019 में वियतनाम में नॉर्थ कोरिया के तानाशाह से मुलाकात कर चुके हैं। सिंगापुर में समिट के दौरान ही दोनों देशों के बीच न्यूक्लियर डील हुई थी। इसके तहत नॉर्थ कोरिया ने लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों के परीक्षण पर रोक लगा दी थी। हालांकि, 2020 में वो इससे पलट गया था।

 

s