निर्मल बॉर्डर आउटपोस्ट क्षेत्र में बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने सूचना के आधार पर संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान खेत से पाकिस्तान निर्मित ड्रोन, आयातित पिस्तौल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद हुए। बरामदगी सीमा से करीब 500 मीटर भीतर हुई। जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि खेप किसके लिए भेजी गई थी और इसके पीछे कौन सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
फाजिल्का (Naren Danu) : स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब के फाजिल्का में सीमा पार से हथियारों की तस्करी की एक और कोशिश का खुलासा हुआ है। बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान में सीमावर्ती गांव मुंबे की के पास धान के खेतों से पाकिस्तान निर्मित ड्रोन बरामद किया। ड्रोन के साथ एक आयातित पिस्तौल, दो मैगजीन और नौ कारतूस भी मिले हैं।
सदर थाना प्रभारी हरदेव सिंह बेदी के मुताबिक सुरक्षाबलों को गश्त के दौरान ड्रोन और हथियारों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टीमों ने निर्मल बॉर्डर आउटपोस्ट के आसपास संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान खेतों में ड्रोन और हथियारों की खेप बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान भारतीय सीमा में करीब 500 मीटर अंदर मिला। हथियार और गोला-बारूद एक पैकेट में लपेटकर छिपाए गए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन के जरिए हथियारों की यह खेप किसके लिए भेजी गई थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय था। आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा बीएसएफ और पंजाब पुलिस की ओर से संयुक्त निगरानी एवं तलाशी अभियान तेज किया गया है।