परिवार का आरोप, पुलिस को पहले ही दी थी शिकायत, एक्शन लेते तो हो जाता बचाव
लुधियाना/यूटर्न/8 अगस्त। टिब्बा रोड पर प्राचीन गौशाला भाग-2 के सामने वाली गली में दोस्तों को छोड़ने जा रहे एक युवक को दूसरी कार सवार युवकों ने रास्ते में घेर लिया। जिसके बाद उन्होंने उतरते ही फायरिंग शुरु कर दी। उन्होंने पांच गोलियां मारी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोस्तों ने बचाव में ईटें मारी, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी गोलियां दाग दी। जिससे वे अपना बचाव कर भाग निकले। जिसके बाद हमलावर सरेआम हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। इस हादसे के बाद परिवार द्वारा आरोपियों के एनकाउंटर तक संस्कार न करने का ऐलान किया है। मृतक की पहचान टिब्बा रोड के हरजिंदर सिंह (25) के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने पर थाना टिब्बा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। उक्त वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। अभी हमले के कारण का पता नहीं चल सका है।
घेरा पड़ने पर कार में फंस गया था हरजिंदर
दरअसल, शुक्रवार रात हरजिंदर कार में दोस्तों के साथ बाहर होटल पर खाना खाने गाया था। वापस लौटते हुए एक दोस्त को उसकी एक्टिवा उठाने के लिए छोड़ने गया था। इस दौरान बदमाशों ने अपनी कार उसकी कार के आगे लगा दी। हरजिंदर के तीनों दोस्त तो भाग निकले, लेकिन वे कार में फंस गया। जिस कारण वे निकल नहीं पाया और हमलावरों ने गोलियां मार दी। हरजिंदर का एक दोस्त उसे बचाने के लिए हमलावरों पर पत्थर फेंकता है, लेकिन एक आरोपी उन पर फायरिंग कर दी।
परिवार का इकलौता बेटा था हरजिंदर
हरजिंदर के पिता ने बताया कि हरजिंदर उनका इकलौता बेटा था। उसकी बहन विदेश में है, जिसका रो रोकर बुरा हाल है। हरजिंदर ऑनलाइन गारमेंट सेल करने का काम करता था। परिवार का कहना है कि पुलिस अक्सर एनकाउंटर करती है। जिसके चलते उनकी मांग है कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए, उसके बाद ही संस्कार किया जाएगा। एसएचओ गगनप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर ही है।
आरोपियों का एनकाउंटर, अफसरों पर कार्रवाई के बाद संस्कार
उक्त हमलावरों के साथ हरजिंदर का पहले भी झगड़ा हुआ था। जिसकी पुलिस को शिकायत भी दी थी। लेकिन पुलिस ने एक्शन नहीं लिया। तब पुलिस को कहा भी था कि उन्हें हमले की आशंका है। अगर तब पुलिस कार्रवाई कर देती, तो आज उनका बेटा उनके पास होता। उन्होंने कहा कि आरोपियों का एनकाउंटर और लापरवाही करने वाले अफसरों पर कार्रवाई के बाद ही संस्कार किया जाएगा।
--