सबसे ज्यादा लुधियाना में चार लाख फॉर्म नहीं मिले वापिस
पंजाब/यूटर्न/4 अगस्त। पंजाब में वोटरों के लिए शुरु की गई स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस पूरी प्रक्रिया में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। दरअसल, स्टेट की 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 वोटरों की मैपिंग की गई। जिससे पता चला कि 5.74 लाख वोटरों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 4.12 लाख वोटर लापता है, जिनका कोई सुराग ही नहीं मिला। वह अपने एड्रेस पर ही नहीं पाए गए। वहीं करीब 20.77 लाख लोगों द्वारा एसआईआर के फॉर्म वापिस ही नहीं दिए गए। इसके अलावा सवा लाख वे लोग मिले, जिनकी दो-दो जगह वोट बनी हुई है। हालांकि इलेक्शन कमिशन द्वारा इस वोटर सूचि को दरूस्त करने की प्रक्रिया शुरु कर दी है। इसी के चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार नेताओं द्वारा डाली जाने वाली फर्जी वोट नहीं पड़ सकेगी।
2.14 करोड़ इन्यूमरेशन फॉर्म बांटे गए थे
वहीं बीएलओ की और से पूरे पंजाब में करीब 2.14 करोड़ इन्यूमरेशन फॉर्म बांटे गए थे। जिसमें से 1 करोड़ 93 लाख फॉर्म ही वापिस आए। जबकि बाकी फॉर्म अभी तक बीएलओज को नहीं मिले हैं। राज्य में 90.32% फॉर्म जमा होने के बाद अब करीब 20 लाख फॉर्मों को अनकलेक्टिड कैटेगरी में डाल दिया गया है। सबसे ज्यादा अनकलेक्टिड फॉर्म लुधियाना में हैं, जहां 4 लाख से ज्यादा फॉर्म वापस जमा नहीं हुए।
12 अगस्त तक होगी वेरीफिकेशन
इलेक्शन कमिशन की और से फॉर्म जमा कराने की आखिरी तारीख 3 अगस्त रखी गई थी। जिसके बाद अब 12 अगस्त तक सभी बीएलओ और ईआरओ इन्यूमरेशन फॉर्मों की वेरिफिकेशन करेंगे। दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इस दौरान मृत, ट्रांसफर, डुप्लीकेट और अनुपस्थित मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध किया जाएगा और मुख्य ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की जाएगी। 13 अगस्त को राज्य में ड्राफ्ट मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन कर दिया जाएगा। इस सूची को इलेक्शन कमिशन की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके अलावा सभी बीएलओ/ईआरओ के पास भी लिस्टेंहोंगी। हर नागरिक सूची में अपना और अपने परिवार का नाम जांच सकेगा।
आपत्ति करवाई जा सकेगी दर्ज
ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद पूरे 1 महीने का समय दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए मिलेगा। यदि किसी व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में शामिल नहीं हुआ है, तो वे फॉर्म 6, 7 या 8 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन एतराज दर्ज करवा सकता है। जिसके बाद एआरओ सभी आपत्तियों का निपटारा करेंगे।
हल्का नॉर्थ में देर रात तक चला अभियान
जानकारी के अनुसार एसआईआर प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आप लीडरों द्वारा एड़ी चोटी का जोर लगाया गया। हर विधायक अपने हल्के में वोटरों के नाम सूची में शामिल कराने में जूटा था। इसी तरह हल्का नॉर्थ में तड़के से लेकर देर रात तक एसआईआर लिस्टें तैयार की गई। विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा के नेतृत्व में घरों में जा जाकर वोटरों की लिस्टें बनाई गई। वहीं जगह जगह कैंप आयोजित किए गए, ताकि किसी भी वोटर से उसका वोट डालने का अधिकार न छींन सके।
----