भाजपा का आरोप, निगम हाउस में न बोलने देने पर किया शक्ति प्रदर्शन
लुधियाना/यूटर्न/4 अगस्त। नगर निगम की हाउस मीटिंगों में न बोलने देने पर भाजपा पार्षदों द्वारा कारपोरेशन जोन-डी में मंगलवार को अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। उनकी तरफ से ऑफिस बाहर कुर्सियां लगाकर जनरल हाउस मीटिंग की गई। जहां पर मेयर और कमिश्नर की स्पेशल कुर्सियां लगाई गई। लेकिन अधिकारी व नेता नहीं पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेताओं द्वारा अपने वॉर्डों की समस्याएं सुनाई गई। वहीं उनका आरोप था कि हाउस की मीटिंगों में उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। जिसके चलते उनकी तरफ से यहां शक्ति प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के हक में खड़ी है और अगर आगे भी इसी तरह जनता लीडरों की आवाज दबाई जाएगी, तो विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि निगम हाउस में तो उन्हें बोलने से रोका जाता है, लेकिन आज यहां खुलकर अपने वॉर्डों की समस्याएं बताकर उन्हें काफी शांति महसूस हुई।
सभी पार्षदों ने सुनाई समस्याएं
इस जनरल हाउस मीटिंग में सिर्फ भाजपा पार्षद मौजूद थे। सभी पार्षदों द्वारा एक-एक करके अपने वॉर्डों की समस्याएं बताई गई। वहीं उन्होंने आरोप लगाए कि आप पार्टी के निगम हाउस लीडरों द्वारा मनमानी की जा रही है। जिस कारण शहर में जगह जगह पीने के पानी की समस्या आ रही है। जलभराव हो रखा है, सीवरेज ओवरफ्लो है और स्ट्रीट लाइटें खराब है। कहीं धड़ल्ले से अवैध इमारतें बन रही है। नेताओं की मनमानी की वजह से शहर की सुंदरता खत्म होती जा रही है। निगम अधिकारी भी उनकी शिकायतों और मांगों पर कोई ध्यान नहीं देते।
---