पत्रकार हितों की आवाज बुलंद करने के साथ समाज सेवा में बढ़ेगी प्रेस क्लब की भागीदारी, बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। क्लब पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और पत्रकारों के लिए रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति जताई।
डेराबस्सी : प्रेस क्लब सब डिवीजन डेराबस्सी-2589 की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को क्लब के प्रधान हरजीत सिंह लक्की की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्लब की आगामी गतिविधियों, पत्रकार हितों तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान चलाने, पत्रकारों के लिए म्यूजिकल नाइट आयोजित करने तथा पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर एक सेमिनार आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। सदस्यों ने इन सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का निर्णय लिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रेस क्लब सामाजिक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी बढ़ाएगा और पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाएगा। इसके साथ ही क्लब की आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक कृष्ण पाल शर्मा, रविंद्र वैष्णव, सरबजीत भट्टी, अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन की मजबूती और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।