3.35 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 20 एमवीए ट्रांसफार्मर का विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने लोकार्पण किया। पीएसपीसीएल के अनुसार बढ़ी क्षमता से भविष्य के बिजली लोड, नए कनेक्शनों और औद्योगिक विस्तार की जरूरतें पूरी होंगी, जबकि तकनीकी खराबी की स्थिति में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
डेराबस्सी : डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने 66 केवी हरीपुर कूड़ा ग्रिड में 3.35 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नए 20 एमवीए, 66/11 केवी पावर ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। इसके शुरू होने से ग्रिड की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 20 एमवीए से बढ़कर 40 एमवीए हो गई है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक भरोसेमंद और निर्बाध होने की उम्मीद है।
विधायक रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बिजली ढांचे को आधुनिक बनाने पर लगातार काम कर रही है। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से पुराने ट्रांसफार्मर पर लोड कम होगा, जिससे उसकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और 11 केवी फीडरों पर लगने वाले रोटेशनल पावर कट में कमी आएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना का लाभ घरेलू, व्यावसायिक, कृषि और औद्योगिक उपभोक्ताओं को मिलेगा। बढ़ी हुई क्षमता भविष्य में नए बिजली कनेक्शनों, औद्योगिक विस्तार और बढ़ते लोड की जरूरतों को भी पूरा करने में सहायक होगी। यदि किसी एक ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आती है तो दूसरा ट्रांसफार्मर बिजली आपूर्ति बनाए रखेगा, जिससे पूरी वितरण प्रणाली अधिक विश्वसनीय होगी।
पीएसपीसीएल अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत 20 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर के अलावा 66 केवी व 11 केवी बे, प्रोटेक्शन सिस्टम, सिविल कार्य, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग सहित सभी कार्य पूरे किए गए हैं।
इस अवसर पर काउंसलर किरण, मास्टर कर्म सिंह की पत्नी, नरेश उपनेजा, पीएसपीसीएल के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।