मणिपुर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व, सेनापति और कांगपोकपी जिलों में संयुक्त कार्रवाई की। हथियार तस्करी के आरोप में दो महिलाओं, एनडीपीएस अधिनियम के एक आरोपित और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी की महिला सदस्य को गिरफ्तार किया गया। बरामद हथियारों और अन्य मामलों की विस्तृत जांच जारी है।
इंफाल (Naren Danu) : मणिपुर में सुरक्षा एजेंसियों ने अलग-अलग अभियानों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार तस्करी, मादक पदार्थ मामले और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें हथियारों की तस्करी में शामिल दो महिलाएं, एनडीपीएस अधिनियम के एक आरोपित और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) की एक सक्रिय महिला कैडर शामिल है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इंफाल पूर्व जिले के एंड्रो थाना क्षेत्र स्थित शांता बाजार में पुलिस ने रुहिदा बेगम (46) और रोहाना बेगम (18) को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों अवैध हथियार और विस्फोटकों की खरीद-फरोख्त तथा तस्करी में शामिल थीं। उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया, जिसे वे कथित तौर पर एक खरीदार को बेचने के लिए लाई थीं।
एक अन्य अभियान में पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामले के आरोपी आदित्य ढकाल (25) को कांगपोकपी जिले के मोतबुंग के निकट चरहजारे क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वह कांगपोकपी जिले के पानीखेती इरांग पार्ट-द्वितीय का निवासी है।
इसी दौरान सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) की सक्रिय महिला सदस्य लुवांगथेम रोनिता देवी उर्फ टोरो (24) को इंफाल पूर्व जिले के पोरोम्पत थाना क्षेत्र के खुराई हेइख्रुमाखोंग इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस सभी मामलों में आगे की जांच कर रही है।