सीवरेज जाम, सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट और पेयजल समस्याओं को प्राथमिकता देने का दावा; सोढ़ी बोले- जनता के बीच रहकर करवाए जाएंगे लंबित काम पूरे
जीरकपुर: आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर-7 बलटाना के नवनियुक्त वार्ड इंचार्ज परमिंदर सिंह सोढ़ी ने जिम्मेदारी संभालने के अगले ही दिन क्षेत्र का दौरा कर जनसमस्याओं पर काम शुरू किया। उनकी अगुआई में हेम विहार और कलगीधर एन्क्लेव में लंबे समय से लंबित सीवरेज सफाई का कार्य शुरू करवाया गया।
स्थानीय लोगों ने सोढ़ी को बताया कि सीवरेज लाइनें जाम रहने के कारण गंदे पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। इससे गलियों में दुर्गंध और गंदगी की समस्या बनी रहती थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया था।
सोढ़ी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सीवरेज सफाई के लिए टीम बुलवाई। कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर जाम सीवरेज लाइनों की सफाई का काम शुरू किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में गंदे पानी और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
परमिंदर सिंह सोढ़ी ने कहा कि वार्ड में सीवरेज, सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सफाई से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। वह नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा कर लोगों के संपर्क में रहेंगे और संबंधित अधिकारियों के सहयोग से समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी शिकायतों का समाधान करवाना ही उनकी प्राथमिकता है। वार्ड नंबर-7 में लंबित विकास कार्यों की सूची तैयार कर चरणबद्ध तरीके से काम करवाया जाएगा।