मिलन
लुधियाना/यूटर्न/25 जुलाई। स्मार्ट सिटी लुधियाना के वार्ड नंबर 1 स्थित जालंधर बाईपास के निकट मस्कीन नगर, भोरा क्षेत्र में रिहायशी इलाके के बीच कथित रूप से कमर्शियल उपयोग के लिए एक इमारत का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम के जोन-ए की बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों की जानकारी के बावजूद निर्माण कार्य पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार जिस स्थान पर निर्माण किया जा रहा है, वह पूरी तरह रिहायशी क्षेत्र है। जहां मास्टर प्लान एवं लागू बिल्डिंग नियमों के अनुसार कमर्शियल गतिविधियों की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद बड़े स्तर पर बिल्डिंग का निर्माण जारी है। लोगों का कहना है कि यदि यह निर्माण कमर्शियल उद्देश्य से किया जा रहा है तो संबंधित विभाग को निर्माण की स्वीकृति, नक्शे तथा अन्य आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य बिना किसी रोक-टोक के चलता रहा।
अफसरों की हो सकती है मिलीभगत
निवासियों का आरोप है कि जोन-ए बिल्डिंग ब्रांच को इस संबंधी शिकायत की गई। लेकिन एक्शन नहीं हुआ। वहीं लोगों का कहना है कि आखिर उनकी शिकायत के बाद ही क्यों एक्शन होता है। जबकि बिल्डिंग इंस्पेक्टर और बेलदार की जिम्मेदारी होती है कि उनके एरिया में अवैध निर्माण न हो। लेकिन अफसर अपने दूसरे कार्यों में व्यस्त रहते हैं। जिसके चलते धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहे हैं। लोगों ने कहा कि अधिकारियों द्वारा समय रहते कार्रवाई न करने पर निर्माण कार्य काफी आगे बढ़ चुका है। उन्होंने आरोप लगाए कि शायद अफसरों की मिलीभगत से निर्माण हो रहा है, तभी कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा।
इलाका निवासियो ने जताया रोष
इलाका निवासियों ने बताया कि स्मार्ट सिटी होने के बावजूद नगर निगम रिहायशी क्षेत्रों में हो रहे इललीगल कमर्शियल निर्माणों पर कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है। उनका कहना है कि इससे भविष्य में ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या, शोर-शराबा तथा अन्य नागरिक सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस इमारत का कार्य तत्काल प्रभाव से रोका जाए और बिल्डिंग को सील किया जाए। अगर ऐसा नहीं होता तो वे सड़कों पर उतर आएंगे। इस संबंधी निगम बिल्डिंग ब्रांच अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नही हो सका।
----