बरनाला घटना के विरोध में नगर पंचायत वर्कर यूनियन लालड़ू ने आंदोलन तेज कर दिया है। सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। यूनियन नेताओं ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होतीं और बरनाला लाठीचार्ज मामले में न्याय नहीं मिलता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
लालड़ू: बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार से नगर परिषद लालड़ू के सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना दिया और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के चलते आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।
प्रदर्शन के दौरान पंजाब एटक के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कुमार चुघ ने कहा कि बरनाला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है।
नगर पंचायत वर्कर यूनियन (एटक) लालड़ू के प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि जब तक ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जाता, वेतन में उचित बढ़ोतरी नहीं होती और बरनाला घटना में पीड़ित कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की।
धरने में यूनियन के उपप्रधान कमल कुमार, वरिष्ठ सलाहकार सुखविंदर सिंह, खजांची संजीव कुमार, वसो देवी सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।