424 थानों में तैनात 848 ‘महिला मित्र’, महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर
चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब पुलिस की महिला हेल्प डेस्क व्यवस्था महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों के निस्तारण में अहम भूमिका निभा रही है। राज्य के सभी 424 पुलिस थानों में संचालित इन हेल्प डेस्क पर अब तक 2,31,677 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि इस पहल से थानों में महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल तैयार हुआ है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के अनुसार, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी थानों, जिनमें 39 विशेष पुलिस थाने भी शामिल हैं, में 848 महिला मित्र तैनात की गई हैं। इनकी जिम्मेदारी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना, उचित मार्गदर्शन देना और मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है।
पुलिस के मुताबिक, महिला हेल्प डेस्क का उद्देश्य जेंडर-सेंसिटिव पुलिसिंग को मजबूत करना और महिलाओं व बच्चों को बिना किसी झिझक अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।
आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2023 से 30 जून 2026 के बीच पंजाब शिकायत निस्तारण पोर्टल पर महिलाओं और बच्चों से जुड़े 1,33,152 मामले दर्ज हुए। इनमें से 99,692 शिकायतों का निस्तारण महिला मित्रों द्वारा किया गया, जो कुल मामलों का लगभग 74.8 प्रतिशत है।
पुलिस का कहना है कि महिला मित्रों की तैनाती से पीड़ितों और पुलिस के बीच संवाद बेहतर हुआ है। घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, उत्पीड़न, बच्चों के खिलाफ अपराध और अन्य संवेदनशील मामलों में पीड़ितों को प्राथमिक सहायता, परामर्श और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि पीड़ितों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करना भी है।