लैंड पूलिंग नीति, लैंड मॉर्गेज बैंक विवाद और किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर राज्यव्यापी विरोध; सरकार से मांगें मानने की अपील
खरड़ (Naren Danu) : संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के राष्ट्रीय संयोजक एवं भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) के अध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल ने घोषणा की है कि किसानों की विभिन्न मांगों के समर्थन में 14 जुलाई को पूरे पंजाब के टोल प्लाजा बिना शुल्क के संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह कदम लैंड मॉर्गेज बैंक से जुड़े मामलों, प्रस्तावित लैंड पूलिंग नीति और अन्य किसान मुद्दों के विरोध में उठाया जा रहा है।
डल्लेवाल ने कहा कि 30 मार्च से राज्य के 12 जिलों में लैंड मॉर्गेज बैंक की मुख्य शाखाओं के बाहर प्रदर्शन जारी है। आंदोलन में बैंक से जुड़े मामलों में प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने के साथ फरीदकोट जिले के हरि नौ गांव के किसान परिवार के लिए भी न्याय की मांग शामिल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की प्रस्तावित लैंड पूलिंग नीति के जरिए उपजाऊ कृषि भूमि अधिग्रहित करने का प्रयास किया जा रहा है। किसान संगठनों का कहना है कि इस नीति से किसानों की जमीन प्रभावित होगी, इसलिए इसे वापस लिया जाना चाहिए।
किसान नेता ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन से जुड़े किसानों पर प्रशासनिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
डल्लेवाल ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्रों को बाहर रखने की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि इस समझौते का मौजूदा स्वरूप किसानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को टोल प्लाजा मुफ्त कर किसानों की मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया जाएगा तथा सरकार से लैंड पूलिंग नीति वापस लेने और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की जाएगी।