चिकित्सा उपकरण, स्टाफ, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की समयबद्ध योजना बनाने के निर्देश; गुणवत्ता से समझौता नहीं
जयपुर (Naren Danu) : राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर की बहुप्रतीक्षित आईपीडी टावर परियोजना और इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी लंबित कार्य तय समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने निर्माण, वित्तीय, प्रशासनिक और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आईपीडी टावर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे जल्द पूरी क्षमता के साथ शुरू किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को शीघ्र संचालित करने के लिए चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, पर्याप्त मानव संसाधन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पहुंच मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से लागू की जाए।
मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों से बेहतर समन्वय बनाकर लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने को कहा।
बैठक में इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज में शुरू की जा चुकी स्वास्थ्य सेवाओं, शेष निर्माण कार्यों तथा पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, वित्त और नगरीय विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जयपुर विकास प्राधिकरण और एसएमएस मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।