लुधियाना/यूटर्न/6 जुलाई। कैलाश नगर इलाके में कर्ज लेकर फाइनेंसरों द्वारा परेशान करने के कारण एक व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली। जिस कारण व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया। पीड़ित का शरीर 70 प्रतिशत तक जल चुका है। पीड़ित की पहचान 43 वर्षीय संजीव उर्फ मोनू के रूप में हुई है। पीड़ित को अस्पताल दाखिल कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। भाई अजय कुमार ने बताया कि मोनू ने कुछ लोगों से ब्याज पर लगभग 60 हजार रुपये का कर्ज लिया था। इस मामूली रकम के लिए पैसे देने वाले 4-5 फाइनेंसर लगातार संजीव को पैसे देने के लिए दबाव डाल रहे थे। लेकिन संजीव की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसने कुछ समय देने के लिए कहा। लेकिन फाइनेंसर उसे लगातार धमकाते रहे। रविवार को भी फाइनेंसर का फोन आया था और धमकियां दी। जिससे संजीव और परेशान हो गया। थोड़ी देर बाद अजय ऊपर कमरे में रोटी बनाने चला गया। इसी दौरान संजीव ने खुद को आग लगा ली। संजीव के चिलाने की आवाज सुनकर अजय भागकर नीचे आया तो संजीव बुरी तरह से झुलस रहा था। उसने किसी तरह लोगों की मदद से आग पर काबू पाया और उसे अस्पताल दाखिल कराया। चौकी कैलाश नगर की पुलिस मामले की जांच कर रही है।