जगरांव में जल्द निकलेगा बंदी सिखों की रिहाई के लिए विशाल बाइक रोष मार्च
जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में जगरांव में पार्टी के नवनियुक्त हलका इंचार्ज राजीव कुमार लवली की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आने वाले समय की रणनीति पर चर्चा की।
बंदी सिखों की रिहाई के लिए होगा शक्ति प्रदर्शन
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने ऐलान किया कि जगरांव हलके में जल्द ही बंदी सिखों की रिहाई के समर्थन में एक विशाल बाइक रोष मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद भाई अमृतपाल सिंह के पिता भाई तरसेम सिंह खालसा विशेष रूप से शामिल होंगे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भाई अमृतपाल सिंह और दशकों से जेलों में बंद बंदी सिखों की रिहाई की आवाज को बुलंद करना है।
'सरकार-ए-खालसा' बनाने का संकल्प
वरिष्ठ नेता एडवोकेट इंदरजीत सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने राजीव कुमार लवली को हलका इंचार्ज नियुक्त कर एक समर्पित सेवादार को जगरांव की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि लवली के नेतृत्व में पार्टी जगरांव में प्रचंड जीत हासिल करेगी। इस दौरान जिला लुधियाना (ग्रामीण) की पांच सदस्यीय कमेटी के कुलविंदर सिंह चंडी और मलकीत सिंह बल्ल ने राजीव कुमार लवली का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में पूर्ण आस्था प्रकट की।
राजीव कुमार लवली का वादा: "बदलेंगे जगरांव की तस्वीर"
कार्यकर्ताओं के अपार समर्थन के बीच हलका इंचार्ज राजीव कुमार लवली ने कहा:
"पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हूं। जगराओं हलके का विकास पिछले 10 वर्षों से ठहरा हुआ है। मेरा मुख्य लक्ष्य इस रुके हुए विकास को गति देकर हलके की सूरत और सीरत को बदलना है।"
उन्होंने पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों से क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सहयोग की अपील की।
प्रमुख उपस्थिति:
इस बैठक में जसप्रीत सिंह जस्सी ढिल्लों, जसबीर सिंह जस्सी, गुरमीत सिंह, शमशेर सिंह, सुखमंदर सिंह, गुरदीप सिंह, रोहित कुमार, चौधरी अवतार सिंह लड्डू, जसलीन कौर, चरणजीत कौर, गुरदीप कौर, सोमन गुप्ता, कृष्ण गुप्ता, बलवीर सिंह बाठ, रणजीत सिंह, सुखविंदर सिंह राऊवाल, गुरपाल सिंह हंबड़ा, जगतार सिंह हंबड़ा और हरजीत सिंह पखोवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक के अंत में सभी ने हाथ उठाकर राजीव कुमार लवली के नेतृत्व पर अपनी सहमति और समर्थन की मुहर लगाई।