पंजाब/यूटर्न/15 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के वायरल वीडियो पर फोरेंसिक जांच रिपोर्ट सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब में पढ़कर सुनाई गई। जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा कि वीडियो न तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बनाया गया है और न ही उसमें किसी तरह की एडिटिंग या छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में सीएम गुरु साहिब की तस्वीर के सामने शराब का गिलास पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। हमने इस वीडियो की जांच भारत की 2 नामी लैब से करवाई है। उन लैबों की रिपोर्ट के अनुसार यह वीडियो 100 प्रतिशत सही और वास्तविक है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को श्री अकाल तख्त साहिब में तलब भी किया गया था। इसके बाद वायरल वीडियो की लैब जांच करवाने का फैसला लिया गया था। अब दोपहर साढ़े 3 बजे श्री अकाल तख्त साहिब में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है।
15 जनवरी को श्री अकाल तख्त साहिब में पेश हुए थे
अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने 5 जनवरी को एक आपत्तिजनक वीडियो और गोलक समेत दूसरे सिख मुद्दों पर की बयानबाजी को लेकर सीएम को तलब किया था। सीएम भगवंत मान 15 जनवरी को श्री अकाल तख्त साहिब के सामने पेश हुए थे। वह पहले नंगे पैर नजरें झुकाकर गोल्डन टेंपल पहुंचे थे। यहां माथा टेकने के बाद सबूतों से भरे काले रंग के 2 बैग लेकर सचिवालय चले गए थे।
----