नदी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारी शुरू की
चंडीगढ़: भीषण गर्मी के चलते पहाड़ों में बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिसके कारण पंजाब की नदियों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ब्यास नदी में पिछले चार दिनों के भीतर करीब 10 हजार क्यूसेक पानी बढ़ने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है, लेकिन ब्यास किनारे बसे किसानों और गुर्जर समुदाय के लिए हालात चिंता का विषय बन गए हैं। दूसरी ओर, पोंग डैम का जलस्तर भी 20 फीट से अधिक बढ़ चुका है, जिससे सुरक्षा के मद्देनजर कभी भी अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की संभावना बनी हुई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट, बाबा बकाला साहिब के कार्यालय में फ्लड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे नदी के जलस्तर और आसपास के हालातों पर निगरानी रखेगा।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।