समालखा के गांव नारायणा में नहर से शव मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी
पानीपत: गांव नारायणा के पास से गुजर रही नहर में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह शव उस समय बरामद हुआ जब रजपुरा गांव के रहने वाले 18 वर्षीय रोहित के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रोहित 7 जून की दोपहर सिंगपुरा/सिठाना के पास नहर में नहाने गया था, जिसके बाद से वह लापता था। परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
सोमवार सुबह करीब 8 से 10 परिजन बाइकों पर सवार होकर नारायणा गांव के पास नहर और रजबाहे के आसपास खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नहर में एक शव दिखाई दिया।
परिजनों ने आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों को बुलाकर मदद मांगी। किसानों ने नहर में उतरकर शव को बाहर निकाला, लेकिन बाद में पता चला कि यह शव रोहित का नहीं है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरते हुए उसे पोस्टमार्टम और पहचान के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। मामले की जांच जारी है।