अमृतसर में आकस्मिक फायरिंग से पुलिस विभाग में हलचल
अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय की असलहा शाखा में सोमवार को हथियार जांच के दौरान आकस्मिक फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एक व्यक्ति अपने लाइसेंसी हथियार की जांच के लिए कार्यालय पहुंचा था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) नारायण दास पिस्तौल की जांच कर रहे थे, तभी अचानक .30 बोर की पिस्तौल से गोली चल गई और वह घायल हो गए।
घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल एएसआई को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, असलहा शाखा में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे हथियारों की जांच के दौरान सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग पूरी तरह दुर्घटनावश हुई या जांच के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई।
फिलहाल पुलिस ने विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।