मृतक युवक के परिजन का आरोप, पुलिस ने बाथरूम में गोली मारी
जालंधर/यूटर्न/6 जून। जालंधर में अटेंप्ट टू मर्डर केस का आरोपी देर रात गोली लगने से मारा गया। मेहतपुर थाना पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार भीड़ की तरफ से गोली चलाई गई, जिसके जवाब में पुलिस ने क्रॉस फायरिंग की। इस दौरान आरोपी को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि वह उस समय बाथरूम में था। पुलिस ने पीछे से गोलियां चलाईं। दो गोलियां उसकी जांघ के ऊपरी हिस्से में लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मेहतपुर निवासी लवप्रीत उर्फ लवी के रूप में हुई है।
भीड़ ने हाथापाई की, गोली चलने की आवाज आई
पुलिस को सूचना मिली थी कि लवप्रीत उर्फ लवी अपने घर आया हुआ है। इसके बाद मेहतपुर के एसएचओ अमन सैनी पुलिस टीम के साथ गांव बंगीवाल पहुंचे। इस दौरान पुलिस और आरोपी के परिजनों में झड़प हो गई। आरोपी ने भागने का प्रयास किया। इस बीच कही से आरोपी लवप्रीत को गोली लग गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान भीड़ ने हाथापाई की और मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली लवप्रीत की टांग में लग गई। जिससे मौत हो गई।
---