विधायक ने चल रहे विकास कार्यों का लिया जायजा
होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : गांव अहिराणा खुर्द को विभिन्न जनहित विकास प्रोजेक्ट के लिए लगभग 23 लाख रुपये की विकास ग्रांट प्राप्त हुई है। इस ग्रांट का उपयोग गांव के बुनियादी ढांचे के निर्माण और सुधार के लिए किया जाएगा। इनमें वाल्मीकि मंदिर धर्मशाला के लिए 8 लाख रुपये, गलियों और नालियों के विकास कार्यों के लिए 7 लाख रुपये तथा पोल्ट्री फार्म से नए हाईवे तक सड़क निर्माण के लिए 8 लाख रुपये की राशि शामिल है। यह जानकारी चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने अहिराणा खुर्द के दौरे के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए दी।
डॉ. ईशांक कुमार ने गांव में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया और विभिन्न विकास कार्यो की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय निवासियों और अधिकारियों से बातचीत की तथा सभी कार्यों को उच्च क्वालिटी के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सुविधाओं में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़कों, नालियों, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा सके।
गांव की सरपंच रेखा ने विकास कार्यों के लिए ग्रांट जारी करने पर विधायक का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से गांववासियों को लाभ मिलेगा और सभी गांव वासी विधायक तथा आम आदमी पार्टी सरकार के विकास कार्यों एवं जनहितकारी फैसलों और योजनाओं की सराहना कर रहे हैं।
डॉ. ईशांक कुमार ने उपस्थित लोगों को आश्वासन दिया कि अहिराणा खुर्द और चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों की हर जायज मांग को पूरा करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा यह सुनिश्चित करने के लिए मेहनत करते हैं कि सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ चब्बेवाल क्षेत्र के लोगों को पंजाब के अन्य विधानसभा क्षेत्रों से पहले मिले ।