किसानों की खाद पर डाका, कालाबाजारी का पर्दाफाश
सिरसा: Sirsa के गांव भंबूर में कृषि ग्रेड यूरिया खाद की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां किसानों को मिलने वाली सब्सिडी वाली यूरिया को अवैध तरीके से टेक्निकल ग्रेड बताकर दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, 45 किलो के गट्टों में मिलने वाली कृषि ग्रेड यूरिया को बदलकर 50 किलो के सफेद गट्टों में भरा जा रहा था और उस पर टेक्निकल ग्रेड का मार्का लगाकर ट्रक में लोड किया जा रहा था। इस खेप को राजस्थान के कोटा भेजने की तैयारी थी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब किसानों ने इसकी सूचना कृषि विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने अवैध रूप से भरी गई यूरिया खाद को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
किसान नेताओं का आरोप है कि यह खेल कई दिनों से चल रहा था, जिसमें सब्सिडी वाली खाद को ब्लैक में बेचने के साथ-साथ जीएसटी में भी गड़बड़ी की जा रही थी। जहां कृषि ग्रेड यूरिया पर 5% जीएसटी लगता है, वहीं टेक्निकल ग्रेड पर 18% जीएसटी लागू होता है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को समय पर उचित दर पर खाद उपलब्ध हो सके।