लुधियाना/यूटर्न/28 मई। लुधियाना के दुगरी मार्केट में बुधवार देर रात वीआईपी मूवमेंट के दौरान पुलिस द्वारा एक बुजुर्ग व्यक्ति को रोके जाने पर विवाद खड़ा हो गया। घटना के बाद मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक अधिकारी डीसी हिमांशु जैन के आगमन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा कारणों से इलाके में बैरिकेडिंग कर रखी थी और आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई थी। इसी दौरान सोशल सेवा संगठन से जुड़े दीपक गर्ग अपनी पोती के साथ वहां पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। उनके अनुसार पुलिस ने उन्हें कहा कि डीसी का मूवमेंट है। जब वे निकल जाएंगे, तभी किसी को भी आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। दीपक गर्ग का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को अपनी शारीरिक समस्या के बारे में बताया, बावजूद इसके उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया। इस पर उन्होंने मौके पर ही विरोध जताया और सवाल उठाया कि आम जनता को इस तरह क्यों रोका जा रहा है। बाद में उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में दीपक गर्ग पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते नजर आते हैं और कहते हैं कि वीआईपी मूवमेंट के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीसी ने दिए जांच के आदेश
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि वे उस समय मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक को इस तरह रोकना उचित नहीं है। डीसी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित पुलिसकर्मियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। बाद में डीसी ने दीपक गर्ग को अपने कार्यालय बुलाकर बातचीत की, जिसके बाद मामला शांत हो गया। दीपक गर्ग ने बताया कि उनकी शिकायत का समाधान हो गया है और उन्होंने वायरल वीडियो भी हटा दिया है।
----