अमृतसर/यूटर्न/25 मई। कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर सोमवार को फायरिंग होने की खबर आई। कपिल के परिवार से जुड़े सूत्रों ने दावा किया कि हमलावर बाइक पर आए और 2 राउंड फायरिंग करके भाग गए। अभी तक हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। एसीपी कमलजीत सिंह औलख ने कहा- गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। अमृतसर के पॉश इलाके हॉली सिटी में कपिल शर्मा का घर है। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। घर और आसपास के वीआईपी घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया। इस घर में कपिल के बहन और जीजा रहते हैं, जबकि कपिल शर्मा फिलहाल परिवार के साथ मुंबई में हैं। इससे पहले उनके कनाडा में स्थित कैफे पर 3 बार फायरिंग हुई थी।
अफवाह पर ध्यान न दें
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि फायरिंग की घटना को लेकर कुछ गैर-जिम्मेदार लोग अफवाहें फैला रहे हैं। सभी से अपील है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सोर्स से जारी सही जानकारी पर ही भरोसा करें।
----