उत्तर रेलवे ने ट्रेन संख्या 19223/19224 सबरमती-जम्मू तवी एक्सप्रेस का विस्तार श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक करने का फैसला लिया है। 18 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाली इस सुविधा के तहत यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही जम्मू-कटरा रूट की 38 ट्रेनों की समय-सारणी में भी बदलाव किया गया है।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा की घोषणा की है। उत्तर रेलवे ने ट्रेन संख्या 19223/19224 सबर्मती बीजी–जम्मू तवी–सबर्मती बीजी एक्सप्रेस का विस्तार अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक करने का फैसला किया है। साथ ही सांबा, बड़ी ब्राह्मणा और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिए जाएंगे।
18 अक्टूबर से शुरू होगी नई सेवा
सबर्मती से कटरा जाने वाली ट्रेन संख्या 19223 की विस्तारित सेवा 18 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि कटरा से सबर्मती लौटने वाली ट्रेन संख्या 19224 20 अक्टूबर 2026 से चलेगी। दोनों ट्रेनें प्रतिदिन संचालित होंगी।
नई समय-सारणी के अनुसार 19223 ट्रेन फिरोजपुर कैंट में सुबह 8:25 से 9 बजे तक रुकेगी। इसके बाद यह जालंधर सिटी, पठानकोट कैंट, कठुआ, सांबा, विजयपुर जम्मू, बड़ी ब्राह्मणा और जम्मू तवी होते हुए शाम 6:55 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 19224 कटरा से सुबह 4:50 बजे रवाना होगी।
38 ट्रेनों की समय-सारणी में बदलाव
इस विस्तार के चलते उत्तर रेलवे ने जम्मू-कटरा मार्ग की कई ट्रेनों के समय में संशोधन किया है। इनमें वंदे भारत, कटरा एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। पंजाब की अजमेर–अमृतसर एक्सप्रेस समेत फिरोजपुर क्षेत्र की कई ट्रेनों के समय भी बदले गए हैं।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले NTES या 139 पर संशोधित समय की पुष्टि करने की अपील की है।