महिला सशक्तिकरण, डिजिटल समावेशन और नेतृत्व पर होगा मंथन, 8-9 जुलाई को जुटेंगे BRICS देशों के मंत्री
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारत अपनी ब्रिक्स (BRICS) अध्यक्षता के तहत 8 और 9 जुलाई को केरल के कोच्चि में ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और आपसी सहयोग को मजबूत करने के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता लचीलापन (Resilience), नवाचार (Innovation), सहयोग (Cooperation) और स्थिरता (Sustainability) के चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। इन्हीं विषयों को केंद्र में रखते हुए महिला सशक्तिकरण के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा।
यह बैठक 6 और 7 जुलाई को आयोजित ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक के बाद हो रही है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न प्राथमिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की। अब मंत्रीस्तरीय बैठक में इन प्रस्तावों पर अंतिम विचार-विमर्श कर सदस्य देशों के बीच सहयोग की भावी रणनीति तय की जाएगी।
बैठक के दौरान महिलाओं की नेतृत्व क्षमता बढ़ाने, आर्थिक अवसरों का विस्तार, डिजिटल और वित्तीय समावेशन, महिला उद्यमिता, जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और पोषण जैसे विषयों पर उच्चस्तरीय चर्चा होगी।
इसके साथ ही कार्यक्रम में महिला-नेतृत्व वाले विकास पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें ग्रामीण विकास, STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित), पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की भागीदारी से आयोजित पैनल चर्चाओं में महिला सशक्तिकरण के लिए नवाचार और वैश्विक साझेदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।