FARC-2026 के समापन पर आईआईटी मंडी में शोध उपलब्धियों पर मंथन
मंडी (Narendra Singh Danu) : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मंडी में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘फंडामेंटल एंड एडवांस्ड रिसर्च इन केमिस्ट्री (FARCC-2026)’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। सम्मेलन ने शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों को वैश्विक स्तर पर संवाद और सहयोग का मंच प्रदान किया।
सम्मेलन में रासायनिक विज्ञान, पदार्थ विज्ञान, स्पेक्ट्रोस्कोपी, माइक्रोस्कोपी और इमेजिंग जैसे क्षेत्रों में मूलभूत और अनुप्रयुक्त अनुसंधान पर गहन चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने उन्नत वैज्ञानिक नवाचारों के माध्यम से सतत विकास और मानव जीवन को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार साझा किए।
वैश्विक स्तर पर वैज्ञानिकों की भागीदारी
सम्मेलन में लगभग 300 प्रतिभागियों और 40 प्रतिष्ठित वक्ताओं ने भाग लिया, जिनमें 9 अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक शामिल थे। 140 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले शोध पोस्टर भी प्रस्तुत किए गए।
दूरस्थ क्षेत्र में सफल आयोजन
सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. चयान के. नंदी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर आयोजन करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन सभी के सहयोग और समर्पण से इसे सफल बनाया गया। उन्होंने IIT मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा और स्कूल ऑफ केमिकल साइंसेज के अध्यक्ष प्रो. सुब्रत घोष सहित पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
2028 में होगा अगला संस्करण
आयोजकों के अनुसार, यह द्विवार्षिक सम्मेलन अगली बार वर्ष 2028 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें वैश्विक स्तर पर वैज्ञानिक सहयोग को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।