ऊर्जा संरक्षण पर जोर, विक्रम सिंह बोले—बिजली बचत से दोहरा फायदा
हिसार: बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने उपभोक्ताओं से ऊर्जा संरक्षण को अपनी रोजमर्रा की आदत बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर न केवल बिजली बिल में कमी लाई जा सकती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान दिया जा सकता है।
बुधवार को जारी जागरूकता संदेश में उन्होंने एलईडी बल्बों के उपयोग को बढ़ावा देने, अनावश्यक रूप से चल रहे उपकरणों को बंद रखने और इस्तेमाल के बाद चार्जर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के प्लग निकालने की सलाह दी। इसके अलावा ऊर्जा दक्ष उपकरणों को प्राथमिकता देने, घरों में उचित इंसुलेशन कराने और सौर ऊर्जा अपनाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा बचत केवल आर्थिक लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक जरूरी कदम है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे बिजली का समझदारी से उपयोग करें और ऊर्जा बचत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।